धमतरी। ग्राम परेवाडीह के सपूत और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान सालिक राम ध्रुव को मंगलवार को उनके गृहग्राम में पूरे राजकीय और सामाजिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। 205 कोबरा बटालियन के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए। सालिक राम ध्रुव पिता घासीराम ध्रुव का जन्म 22 जून 1994 को परेवाडीह में हुआ था। उन्होंने एमए तक शिक्षा प्राप्त की थी। बचपन से ही राष्ट्रसेवा की भावना रखने वाले सालिक राम का वर्ष 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में चयन हुआ। इसके बाद 205 कोबरा बटालियन में सेवा देने लगे। बस्तर सहित विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हुए साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। वर्तमान में तैनाती बिहार के गया क्षेत्र में थी। परिजनों के अनुसार ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई थी। सैनिक कैंप में करीब एक सप्ताह तक उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ के लिए लगभग एक माह पहले अपने गांव आए थे। स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर नयापारा स्थित दिलीप शाह नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर रायपुर के वीवाय हॉस्पिटल में करीब 12 दिनों तक उपचार चला। पीलिया से ग्रसित सालिक राम ध्रुव का मंगलवार तड़के करीब 4 बजे निधन हो गया। मां फूल बतिया बाई ध्रुव, पत्नी डिगेश्वरी ध्रुव, चार वर्षीय पुत्र भावेश, भाई किशन ध्रुव और भुवनेश्वर ध्रुव सहित पूरा परिवार सदमे में है। अंतिम विदाई के अवसर पर करेली चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, मेजर हेमंत उके, जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, परेवाडीह सरपंच डायमंड ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू, जनपद सदस्य विनीता संतशरण साहू, चंदना जनपद सदस्य अनीता देशमुख, भेण्डरी सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल, मदन यदु, प्रहलाद ध्रुव, कृपा राम ध्रुव, राधे पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
सीआरपीएफ जवान को गृहग्राम में नम आंखों से अंतिम विदाई
byThimmgarload.blogspot.com
-
0