The Magarlod:- राजधानी रायपुर के
भाठागांव चौक में एक तेज रफ्तार बस ने युवक को टक्कर मार दी। युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा मचाते हुए चक्काजाम कर दिया। मामला पुरानी बस्ती थाना इलाके का है।
मिली जानकारी के अनुसार युवक विक्की तिवारी 26 वर्ष कुशालपुर का रहने वाला था। वह पैदल सड़क पार कर रहा था। वह वालफोर्ट सिटी से कुशालपुर की तरफ आ रहा था। इस दौरान दुर्ग की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ट्रेवल्स की बस ने उसे टक्कर मार दी।
घटना में बस के सामने के हिस्से में युवक का सिर टकराया जिससे युवक कुछ दूरी पर उछल कर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद बस चालक भी बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगो की भीड़ इकट्ठी हो गई। भीड़ ने इस एक्सीडेंट के बाद नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा मचाया। बताया जा रहा है कि हंगामे के बीच बस का कांच भी टूट गया।
इससे कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे में जाम के हालात
भी बन गए ।
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। युवक की लाश को एम्स अस्पताल भेजा गया और लोगों को भी समझाइश देकर हंगामा शांत कराया गया। फरार आरोपी बस ड्राइवर की भी गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना किया गया है।


