छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, अब साल में दो बार होगी 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा, आदेश जारी

(The Magarlod News)
छत्तीसगढ़ शासन

स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय

महानदी भवन-अटल नगर, नवा रायपुर

//आदेश//

नवा रायपुर, दिनांक 26/02/2024 कमांक एफ 6-3/2024/20-एक राज्य शासन एतद्वारा एक शैक्षणिक सत्र में दो बोर्ड परीक्षायें आयोजित करने का निर्णय लिया जाता है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा प्रथम मुख्य परीक्षा मार्च माह में एवं द्वितीय मुख्य परीक्षा जून जुलाई में आयोजित की जायेगी। निर्देश निम्नानुसार है :-

1. प्रथम परीक्षा माह मार्च एवं द्वितीय परीक्षा माह जून-जुलाई में आयोजित की जायेगी।

2. प्रथम परीक्षा में पंजीकृत छात्र ही द्वितीय परीक्षा आवेदन पत्र भरने हेतु पात्र होंगे किन्तु विषय परिवर्तन मान्य नहीं होगा।

3. प्रथम परीक्षा के पश्चात् द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए छात्रों को पुनः आवेदन पत्र भरना होगा। द्वितीय परीक्षा में वे छात्र जो पूरक के पात्र है तथा वे छात्र जो सभी विषयों में अनुत्तीर्ण है एवं श्रेणी सुधार (सम्पूर्ण विषय) के छात्र भी परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते है। उत्तीर्ण छात्र अंक सुधार एक विषय, दो विषय या अधिक विषय में परीक्षा आवेदन भर सकते है। इनमें द्वितीय परीक्षा में वे छात्र भी सम्मिलित हो सकते है जो प्रथम परीक्षा में परीक्षा आवेदन फार्म भरने के बाद अनुपस्थित रहे हों। अवसर परीक्षा की शेष योजना पूर्ववत् रहेगी।

4. द्वितीय परीक्षा का परीक्षा परिणाम दोनों परीक्षाओं में से विषयवार अधिक प्राप्तांक के आधार पर तैयार किया जावेगा।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार,

(पुलक भट्टाचार्य) अवर सचिव छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने