तेंदुआ पकड़ने कुत्ते को चारा बना पिंजरा लगाया

The Magarlod News | बेन्द्राचुवा में सड़क किनारे सोए 62 वर्षीय बुजुर्ग मनराखन ध्रुव का शिकार करने वाले तेंदुए को पकड़ने पीसीसीएफ से अनुमति मिल गई है। सोमवार की देर शाम बेन्द्राचुवा के जंगल में वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने पिंजरे में कुत्ते को चारा बनाकर रखा है। इधर तेंदुए की निगरानी करने लगाए 6 ट्रैप कैमरा में 24 घंटे में कोई मूवमेंट नजर नहीं आया है।

मगरलोड ब्लॉक के बेन्द्राचुवा में 2 फरवरी की रात तेंदुआ ने सोनारिन दैहान निवासी मनराखन ध्रुव का शिकार किया। वह नशे में बेन्द्राचुवा में सड़क किनारे सो गया था, जिसे देर रात तेंदुआ जंगल में ले गया और मांस खाया। तेंदुआ द्वारा बुजुर्ग को मारने के बाद से क्षेत्र में दहशत है। शाम 5 बजते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबकने लगे हैं। खासकर घटना स्थल से 3 से 5 किमी के दायरे में आने वाले गांव सोनारिन दैहान, बेन्द्राचुवा, पठार, पिपरौद, मूलगांव, मड़वापथरा, पेन्ड्रा में शाम होते ही सन्नाटा पसर जाता है। इनमें मड़वापथरा और बेन्द्राचुवा में कमार पारा हैं, जहां जंगल किनारे झोपड़ियां बनी हैं। यहां हमेशा जंगली जानवरों के नजदीक आने की संभावना रहती है।
डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि बुजुर्ग को मारने के बाद वन विभाग ने सीतानदी टाइगर रिजर्व से ट्रैप कैमरे मंगवाकर 6 जगह पर लगाए हैं। हालांकि इन कैमरों में 24 घंटे में कहीं तेंदुए का मूवमेंट नजर नहीं आया है। पिंजरा लगाने की अनुमति मिल गई है, तेंदुआ फंस जाएगा इधर, तेंदुए को पकड़ने पीसीसीएफ ने धमतरी डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव को अनुमति दे दी है। तेंदुए के आतंक को देखते हुए धमतरी रेंज से 2 फरवरी को ही बेन्द्राचुवा पिंजरा मंगाया गया। सोमवार की देर शाम जंगल में पिंजरा लगाकर उसमें कुत्ते को रखा गया। संभवतः देर रात तेंदुआ आएगा तो पिंजरे में कैद होने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ