क्षेत्र में दो माह में यह दूसरी घटना से इलाके में फैली सनसनी
मगरलोड। मगरलोड क्षेत्र में जंगली जानवरों की शिकार की घटना लगातार बढ़ते जा रही है। तेंदुए ने सड़क किनारे सोए आदिवासी ग्रामीण को उठाकर ढाई सौ मीटर दूर झाड़ी में ले जाकर शिकार किया। जिससे ग्रामीण की मौके में मौत हो गई है।वन विभाग से मिली जानकारी अनुसार ग्राम सोनहरिन दैहान निवासी मनराखन गोड़ पिता झगरू गोड़ उम्र 55 वर्ष जो एक फरवरी शनिवार की रात्रि बेंद्रवुचा किसी काम से गया हुआ था। रात्रि में सड़क किनारे सो गया था। घटना स्थल से मिले निशान से यह पता चलता है कि तेंदुए ने अधेड़ को सड़क से घसीटते हुए ढाई सौ मीटर दूर झाड़ी में ले जाकर शिकार किया है। तेंदुआ ने मृतक के दाहिने जांघ तथा कान, गला, हाथ के पंजा का शिकार किया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली गई है। वन विभाग ने विभागीय कार्यवाही कराकर शव का पीएम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग सहायता के तहत मृतक के परिजनों को 25000 हजार रूपये तात्कालिक सहायता राशि दी है।
दो माह के भीतर दूसरी घटना ...
मगरलोड क्षेत्र के अधिकांश गांव वनों से घिरा हुआ है। जंगली जानवर भोजन पानी की तलाश में भटकते हुए गांव की ओर आ रहे है। 5 दिसंबर 2024 को तेंदुए ने मडेली कमार पारा की महिला को अपना शिकार बनाया था। क्षेत्र के लोग इस घटना से अपने आप को जंगली जानवरों से असुरक्षित महसूस कर रहे है।
रात के समय खुले में न सोने की अपील
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना के बाद विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे रात के समय खुले में न सोएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
6 महीने में 4 लोगों की जा चुकी है जान
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में अचानक तेंदुए की एंट्री हुई है। इसके कारण पूरा गांव दहशत में है। इससे पहले दिसंबर महीने में इसी इलाके में एक महिला का तेंदुआ ने शिकार किया था। अगस्त महीने में भी 2 बच्चों की तेंदुए ने जान ली है।
आसपास के इलाके में मुनादी कराई जा रही
वन विभाग की टीम गांव सहित आसपास के इलाके में कोटवारों के माध्यम से सुरक्षित रहने की मुनादी करवाई जा रही है और इलाके में तेंदुआ होने से शाम होते ही घर पर रहने की हिदायत दी जा रही है।