40 ग्राम पंचायतों में कल से डिजिटल सेवा, जाति-निवास बनेंगे

Dhamtari |राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक और गारंटी पूरी होने जा रही है। 24 अप्रैल को जिले की 40 पंचायतों में पहले चरण में डिजिटल सेवाएं शुरू होंगी। हालांकि जिला प्रशासन 193 ग्राम पंचायतों में यह सेवा शुरू करेगी। इन सेवाओं के जरिए नगद भुगतान सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलेगा। हर ग्राम पंचायत में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र खोले जाएंगे। निवास, जाति, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज भी अब पंचायत में ही बनेंगे। छात्रों की छात्रवृत्ति की राशि का आहरण भी इन केन्द्रों से किया जा सकेगा। दावा किया गया है कि इन केंद्रों से कई सुविधाएं मिलेंगी।

पहले चरण में जिले के प्रत्येक विकासखंड की 10-10 ग्राम पंचायतों में ये केंद्र शुरू होंगे। इसके लिए राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में कॉमन सर्विस सेंटर के सेवा प्रदाताओं से एमओयू किया गया है। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्राम पंचायतों में नगद भुगतान की सुविधा देने की प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पूरी हो जाएगी। जिले में भी 24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस मनाया जाएगा। इस दिन सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं होंगी। अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्रों की शुरुआत के मौके पर सेवा प्रदाताओं और सरपंचों के बीच एमओयू होगा।

पंचायती राज दिवस पर गांवों में आयोजित ग्राम सभाओं में ग्रामीण जल संरक्षण का संकल्प लेंगे। हर घर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने का निर्णय लिया गया है। ग्रामीण पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुएं, बावरी और तालाबों की सफाई और संरक्षण करेंगे। पानी की बर्बादी रोकने जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण जल बचाने के हर में भागीदारी निभाएंगे। ग्राम सभा के सदस्य वाटर हार्वेस्टिंग की निगरानी करेंगे। इन पंचायतों में शुरू होंगे डिजिटल सुविधा केन्द्र धमतरी- अकलाडोंगरी, सोरम, चिखली, उड़ेना, नवागांव-कंडेल, परेवाडीह, कलारतराई, भोथली, पीपरछेड़ी-डी।

{कुरूद- अंवरी, परखंदा, मरौद, भैंसबोड़, ईर्रा, बगौद, सेलदीप, कोकड़ी-नारी, चटौद, भेंडरा। मगरलोड- चन्द्रसूर, बड़ी करेली, मोहरेंगा, खिसोरा, धौराभाठा, बुड़ेनी, मोतिमपुर, हसदा, मोहंदी, परेवाडीह। {नगरी- बोराई, गुहाननाला, टांगापानी, चनागांव, घटुला, भीतररास, कांटाकुरीडीह, ठेनही, गढ़डोंगरी, सिहावा। {पंचायतों में अब अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केन्द्र शुरू हो गए हैं। इन केन्द्रों से ग्रामीणों को कई जरूरी सेवाएं एक ही जगह पर मिलेंगी। लोग अपने खाते से राशि निकाल सकेंगे। किसी अन्य के खाते में पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे। अब बिजली और पानी का बिल भी पंचायत में ही जमा हो सकेगा। रेलवे टिकट बुकिंग किया जा सकेगा। {पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को अपनी पंचायत में ही मिलेगा। किसानों को धान का भुगतान, महतारी वंदन योजना की राशि और अन्य योजनाओं की रकम भी इन्हीं केन्द्रों से मिल सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने