न्यूज | मगरलोड
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेली बड़ी की वार्षिक पत्रिका हमारा अपना परिवार के चतुर्थ संस्करण का विमोचन विद्यालय सभागार में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद और मां शारदे की पूजा-अर्चना से हुई। पूजा उपसरपंच तोरण आनेश्वरी, जनपद सदस्य देवेंद्र पाल, उप प्राचार्य बृजेश कुमार देवांगन, शाला विकास समिति अध्यक्ष महेंद्र साहू, गीतकार टीकमचंद सेन दिवाकर ने की। संपादक शायर जितेंद्र सुकुमार साहिर ने बताया कि यह पत्रिका का चौथा संस्करण है। 32 पेज की इस पत्रिका में विद्यालय की गतिविधियां, उपलब्धियां, शिक्षकों के मौलिक लेख और बालकवियों की स्वरचित कविताएं शामिल हैं।
बाल कवि ईशा सेन आस्मां, भावना साहू जज़्बा, परमेश्वरी साहू, लीलम बघेल, वर्षा सिन्हा, निशा पाल ने अपनी कविताएं सुनाईं। इसके बाद जीवविज्ञान की व्याख्याता मधु सिंह ने पत्रिका की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि गीतकार टीकमचंद सेन दिवाकर ने देशभक्ति गीतों से माहौल को जोश से भर दिया। उन्होंने "खुशी चाहता हूं ना गम चाहता हूं, अपने वतन के लिए अमन चाहता हूं और भारत माता कर रही है पुकार जैसे गीतों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में यामिनी गायकवाड़, रूक्मणी बंछोर, मधु सिंह, पुनेश्वर प्रजापति, हर्षल चंद्राकर, गितेश्वर सिंह साहू, दुर्गा सिन्हा, चंद्रा साहू, चंद्रप्रकाश साहू, पूर्व सरपंच डोमार सिंह साहू, भोज साहू, श्रीराम साहू, सुखीराम साहू, भागीदारी सोनकर, शिवशंकर साहू, प्रदीपराव नन्नवरे आदि उपस्थित थे।
विद्यालय की पत्रिका उसकी छवि का आइना होती है: पालः मुख्य अतिथि देवेंद्र पाल ने कहा कि विद्यालय की पत्रिका उसकी छवि का आइना होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन संघर्षों से भरा होता है और हर सफलता के पीछे मेहनत की कहानी होती है। अध्यक्षता कर रहे उप प्राचार्य बृजेश देवांगन ने कहा कि यह दिन विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में पत्रिका विमोचन आम बात है, पर स्कूल स्तर पर यह कम देखने को मिलता है। यह बच्चों की प्रतिभा को मंच देने का प्रयास है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास और हौसला बढ़ता है। विशिष्ट अतिथि महेंद्र साहू ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा होती है। उसे पहचानकर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया।
Tags
मगरलोड