तीन बार जारी हुई मेरिट सूची, पहली बार 61% सीट रह गए खाली

न्यूज | धमतरी

कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। पहली बार स्थिति ऐसी बनी है, जब डेढ़ महीने में भी कॉलेज की 50 प्रतिशत सीट नहीं भर पाई है। इस साल प्रवेश की स्थिति बहुत ही ज्यादा खराब है। छात्र-छात्रा कॉलेज में एडमिशन लेना ही नहीं चाह रहे हैं। जिले के लीड कॉलेज में ही एडमिशन पूरा नहीं हो पाया है।

बीसीएस पीजी कॉलेज में अब तक मात्र 39 प्रतिशत ही सीट भर पाई है, जबकि कॉलेज की प्रथम सेमेस्टर में 1290 सीट है। इसके विरूद्ध 4 हजार से अधिक छात्रों ने एडमिशन के लिए फार्म भरे। 3 बार सूची जारी हुई, पर एडमिशन लेने ही नहीं पहुंचे। मात्र 504 सीट ही भर पाई है। 786 सीट खाली है।

एडमिशन नहीं होने के चलते अब रिक्त सीट को सभी वर्गों के लिए खोल दिया गया है। स्थिति ऐसी हो गई है कि फार्म भरने वाला कोई भी छात्र आएगा, उसे एडमिशन मिल जाएगा। 29 जुलाई से यह प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को बारिश के दौरान भी कॉलेज में छात्रों की भीड़ एडमिशन के लिए लगी रही, पर प्रथम सेमेस्टर के किसी भी संकाय की सीट नहीं भर सकी है। उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देशानुसार 31 जुलाई तक ही एडमिशन दिया जाएगा। इसके बाद एडमिशन बंद हो जाएगा। कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया जून से शुरू हुई है। 26 जून से कॉलेज में प्रवेश दिया गया।

इसके बाद से तीन बार मेरिट सूची जारी की गई। एडमिशन नहीं होने पर वेटिंग के छात्रों को मौका दिया। 28 जुलाई तक प्रवेश नहीं होने के कारण सीट सभी वर्गों के लिए ओपन हो गया है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. हेमवती ठाकुर ने कहा कि कॉलेज में एडमिशन 31 जुलाई तक होगा। इसके बाद भी सीट खाली रही, तो इसके लिए निर्देश नहीं आया है। एडमिशन लेने छात्रों ने आवेदन किए, पर एडमिशन नहीं लिया। रिक्त सीटों को सभी वर्गों के लिए ओपन कर दिया गया है। छात्र-छात्राओं का रूझान अन्य दूसरे कोर्स की तरफ बढ़ रहा है। इस कारण पहली बार आधी से ज्यादा सीट खाली है। स्नातकोत्तर की कक्षाओं में भी एडमिशन नहीं हुआ है। कॉलेज में 750 सीट पर 398 सीट भर पाई है। 352 सीट रिक्त है। स्नातकोत्तर में भी किसी भी संकाय की सीट पूरी नहीं भर पाई है। एलएलबी, एमए, एमएससी, एमकॉम, पीजीडीसीए की सीट खाली है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने