धमतरी: अपहरण कर लूटपाट और मारपीट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 43,800 रुपये की लूट का मामला

ROJGAAR WALA

Ticker

3/recent/ticker-posts

धमतरी: अपहरण कर लूटपाट और मारपीट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 43,800 रुपये की लूट का मामला

 


धमतरी। जिले में अपहरण कर लूटपाट और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने मवेशी ले जा रहे लोगों को रोककर उनके साथ मारपीट की और नकद रकम सहित ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर कुल 43,800 रुपये लूट लिए।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी छाती थाना कुरूद ने थाना मगरलोड में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 3 मार्च को वह अपने गांव के फगेश्वर कुमार साहू के पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 MQ 1589 में फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ दो बछड़ों को छोड़ने ग्राम मुडकेरा जा रहे थे।

इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग में दोपहर करीब 3 बजे कार क्रमांक CG 05 AP 6389 में सवार ओमकार कुर्रे, राहुल कुर्रे, चांद कुर्रे, विकास आडिल और शाहिल अली ने पिकअप वाहन को रोक लिया। आरोपियों ने मवेशी ले जाने के संबंध में पूछताछ करते हुए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

इसके बाद आरोपियों ने खुद को किसी दल और पुलिस का सदस्य बताते हुए पीड़ितों को जबरन अपनी कार में बैठाकर दुगली की ओर ले गए। वहां दुगली-नगरी मार्ग स्थित तालाब के पास फिर से मारपीट की और पीड़ितों से 13,800 रुपये नकद लूट लिए। साथ ही प्रार्थी के मोबाइल से फोनपे के माध्यम से 30,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए, जिससे कुल 43,800 रुपये की लूट हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मगरलोड में बीएनएस की धारा 126(2), 127(3), 296, 115(2), 351(3), 140(3), 310(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी कर दबिश दी। इसके बाद ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (CG 05 AP 6389), सैमसंग और ओप्पो मोबाइल फोन तथा लूट की नगदी रकम गवाहों के सामने विधिवत जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी ओमकार कुर्रे (41 वर्ष), चांद कुर्रे (19 वर्ष) और राहुल कुर्रे (26 वर्ष) सभी निवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ