छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से राहत देने धमतरी की सड़कों पर पानी की फुहारें छोड़ी जा रही हैं, जिससे राहगीरों को तपती धूप और लू से बड़ी राहत मिली है।
हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है। जिससे पूरे प्रदेश को तपिश से राहत मिल सकती है।
कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी अलर्ट है। इसी बीच कोंडागांव में दोपहर के समय तेज बारिश हुई, बिलासपुर और दुर्ग में तेज आंधी चली है।
मोहल्ले वालों ने खुद लगवाया फव्वारा
धमतरी के रिसाई पारा में स्थानीय लोगों ने भीषण गर्मी से बचने के लिए ये फव्वारा लगाया है। यहां मेन रोड पर ऊपर से ठंडी फुहारें (मिस्ट सावर) छोड़ी जा रही हैं, जिससे गुजरने वाले राहगीरों को तपती धूप में ठंडक मिल रही है।
स्थानीय निवासी पवन लिखी और राजू भाई के प्रयास से यह पाइपलाइन लगाया गया है। अब शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर भी निगम से ऐसी व्यवस्था करने की मांग उठ रही है।
1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा पारा
मौसम में आए इस बदलाव से पूरे प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, वहीं मैनपुर और चंद्रपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा। आने वाले दिनों में अंधड़ और बारिश की स्थिति को देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी रहने की बात कही है।
रायपुर का मौसम
2 मई को रायपुर में सुबह मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर या शाम तक बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
0 टिप्पणियाँ
यहां टिप्पणी दर्ज करें