गरियाबंद-रायगढ़ में ओले गिरे, खेत में बिछी बर्फ की चादर, VIDEO: पेंड्रा में तेज हवाओं के साथ बारिश, 5 दिन आंधी-तूफान का अलर्ट

गरियाबंद जिले में बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई है।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच गरियाबंद और रायगढ़ जिले में ओले गिरे हैं। गुरुवार को गरियाबंद जिले के इंदागांव, उदंती, जुगाड़ क्षेत्र में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस दौरान नेशनल हाइवे 130C इंदागांव से जुगाड़ तक बड़े-बड़े बर्फ के गोले बिछ गए। इससे लगे
खेत में बर्फ की चादर बिछी नजर आई।

रायगढ़ जिले में गुरुवार को अचानक मौसम बदला। धर्मजयगढ़ क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं पुसौर क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे। पेंड्रा में तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे शहरों सहित पूरे जिले में लाइट गुल हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा (40 से 50 किमी प्रति घंटा) चल सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश और ओलावृष्टि की तस्वीरें देखिए... 
गर्मी से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, यानी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

तापमान की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.3°C जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।

कई सिस्टम एक साथ सक्रिय

मौसम में बदलाव की वजह दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास साइक्लोन सर्कुलेशन एक ट्रफ लाइन दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से नागालैंड तक फैली हुई है।

ये बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और असम से होकर गुजर रही है। वहीं एक अन्य ट्रफ पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से बांग्लादेश की ओर सक्रिय है। इन सभी सिस्टम्स का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।

कल के लिए पूर्वानुमान और चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, कल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।

विशेषकर खुले स्थानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अगले 2 दिनों का आउटलुक

आने वाले 2 दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। तापमान में हल्की गिरावट के चलते गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

रायपुर का लोकल फोरकास्ट

रायपुर में आज बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 43°C और न्यूनतम तापमान 29°C के आसपास रहने का अनुमान है।

लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवा और आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। गरज-चमक के समय खुले स्थानों में खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

किसानों को भी मौसम को देखते हुए अपनी गतिविधियों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने