मोटा कहने पर विवाद, 10वीं के छात्र की हत्याः बदला लेने चाकू लेकर आया था क्लासमेट, दोस्त ने छीनकर सीने-गर्दन पर घोंपा

रायपुर से लगे तिल्दा में 10वीं के स्टूडेंट ने अपने ही क्लासमेट का मर्डर कर दिया। आरोपी छात्र ने अमन यदु (16) को बोर्ड एग्जाम के दौरान मोटा कहा था, तब से अमन उससे मनमुटाव रखता था। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दोनों के बीच मारपीट हो गई।

गुस्से में आकर अमन यदु (16) ने चाकू निकाला,लेकिन आरोपी छात्र ने चाकू छीनकर उसे ही मार डाला। उसने अमन के सीने और गर्दन पर चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव का है। मारपीट में आरोपी छात्र भी घायल हुआ है। वह अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, अमन यदु (16) वार्ड नंबर 1 सासाहोली का रहने वाला था। वहीं आरोपी छात्र (15) भी वार्ड नंबर 1 सासाहोली का निवासी है। उनके घरों के बीच महज करीब 400 मीटर की दूरी थी, इसलिए दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और पहले दोस्त भी थे।

दोनों ने सासाहोली के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पढ़ाई करते थे और 10वीं कक्षा भी एक साथ पास की थी। कुछ समय पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को "मोटा" कहकर चिढ़ाया था। अमन को यह बात बुरी लग गई थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच नाराजगी बनी हुई थी।

स्कूल की छुट्टी के बाद वारदात

इस बात को लेकर दोनों में मनमुटाव बढ़ता गया और बाद में विवाद की वजह बन गया। अमन ने आरोपी को सबक सिखाने का मन बनाया। शुक्रवार (19 जून) को स्कूल की छुट्टी के बाद जब अमन और आरोपी छात्र घर लौट रहे थे। तभी अमन ने आरोपी छात्र को रास्ते में बुलाया और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा।

देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अमन ने आरोपी छात्र के गले पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आरोपी छात्र घायल हो गया। हालांकि, आरोपी छात्र ने किसी तरह अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और उस पर वार कर दिए। इस हमले में अमन गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जहां उसकी मौत हो गई।

आसपास के लोगों से पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं इस घटना के बाद मृतक छात्र के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने