महासमुंद जिले में एक महिला और उसके परिवार को टोनही-टोनहा बताकर प्रताड़ित करने, उनका सामाजिक बहिष्कार करने के मामले में 23 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बागबाहरा के आदेश पर की है।
मामला पिथौरा चौक वार्ड-9 का है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी लंबे समय से उसके परिवार को टोनही-टोनहा कहकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। परिवार पर मोहल्ला छोड़ने का दबाव बनाया गया। दुकानदारों से राशन देने तक से मना करवा दिया गया।
पीड़िता ने पहले बागबाहरा थाने में पहुंची, पर कार्रवाई नहीं हुई। तब कोर्ट में आवेदन लगाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 24 जुलाई को अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने पुनाराम मरकाम, सुशील, देव कुमार, जयपवन उर्फ तेली, भगवान दास, भारत, कुलेश मरकाम, केशर, सोनिया, बुग्गी सोनवानी, तुलसी मरकाम, पुष्पा मरकाम, आरती, फिरन मरकाम, पायल, रूबी, जयकुमारी, रितेश, घनश्याम मरकाम उर्फ ठेकला, देवदास, भेखराम, लव और कुश को आरोपी बनाया है। इन पर छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 की धारा 4 व 5 और बीएनएस की 115(2), 296, 351, 74, 79 व 3 (5) धारा में केस दर्ज किया है।
अंधविश्वास ने 5 साल में ली 83 की जान: जादू-टोने से जुड़ी हत्याओं में छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर तंत्र-मंत्र से पैसों की बारिश होगी... बलि देने पर गड़ा खजाना मिलेगा...' फिल्मों जैसी लगने वाली ये बातें आज भी लोगों की जान ले रही हैं। रातों-रात अमीर बनने और अलौकिक शक्तियों की चाहत में लोग अंधविश्वास के ऐसे जाल में फंस रहे हैं, जहां ठगी से लेकर हत्या और नरबलि तक हो रही है।
छत्तीसगढ़ में 2021 से 2025 के बीच अंधविश्वास और जादू-टोने के चलते 83 लोगों की जान जा चुकी है। एनसीआरबी 2024 के आंकड़ों के अनुसार, देश में तंत्र-मंत्र में हत्या के 54 मामलों में से 10 छत्तीसगढ़ के थे। इस तरह प्रदेश दूसरे नंबर पर है। 2025 में ऐसे 12 मामले दर्ज हुए। प्रदेश में तंत्र-मंत्र की आड़ में किस तरह हत्याएं हो रही हैं, पढ़िए यह रिपोर्ट...
हालिया घटनाएं: जिन्होंने प्रदेश को दहला दिया
केस-1
बलौदाबाजार (फरवरी-मई 2026) खरवे गांव में 6 फरवरी से 14 मई के बीच 8 ग्रामीणों की संदिग्ध मौत हुई। एक ग्रामीण युवक के शक के बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कथित तांत्रिक रामसहाय जायसवाल गड़े धन की चाहत और बदले की नीयत से हत्याएं कर रहा था। कसडोल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
केस-2
कोरबा (जनवरी 2026) एक स्क्रैप यार्ड में कारोबारी अशरफ मेमन, सुरेश साहू और नीतीश कुमार के शव मिले। बिलासपुर के तांत्रिक राजेंद्र कुमार ने 5 लाख को तंत्र-मंत्र से 2.5 करोड़ रुपए बनाने का झांसा दिया था। 5 गिरफ्तार हुए।
टोनही प्रताड़ना के 1,350 से ज्यादा मामले
अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्रा के अनुसार, प्रदेश में 2017 से 2025 के बीच टोनही के संदेह में प्रताड़ना और मारपीट के करीब 1,350 मामले दर्ज हुए। पुराने मामलों को मिला दें तो यह आंकड़ा 3 हजार के पार पहुंच जाता है।
फांसी तक की सजा संभव
प्रदेश में 'टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम-2005' लागू है।
मानव बलि, हत्या और अपहरण में उम्रकैद से फांसी तक की सजा का प्रावधान।
ऑनलाइन, डिजिटल तरीके से झांसा देने पर IT एक्ट के तहत कार्रवाई होती है।