रील बनाइए, फोटो खींचिए और जीतिए 50 हजार, धमतरी में शुरू हुई बड़ी प्रतियोगिता


धमतरी: अगर आपको फोटोग्राफी या रील बनाने का शौक है, तो यह मौका आपके लिए है. जिला प्रशासन धमतरी ने मानसून के दौरान जिले की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से "मानसून रील एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता 2026" की शुरुआत की है. प्रतियोगिता 17 जुलाई से 25 जुलाई तक आयोजित की जाएगी.

सभी के लिए धमतरी को देखने का मौका

प्रतियोगिता का विषय "मानसून के दौरान धमतरी पर्यटन की सुंदरता को कैमरे में कैद करना" रखा गया है. इसमें धमतरी सहित अन्य जिलों के फोटोग्राफर, कंटेंट क्रिएटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, विद्यार्थी और आम लोग भाग ले सकते हैं.

50 हजार रुपये फर्स्ट प्राइज

प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं. प्रथम पुरस्कार ₹50 हजार, द्वितीय पुरस्कार ₹21 हजार और तृतीय पुरस्कार ₹11 हजार दिया जाएगा. इसके अलावा शीर्ष 10 प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.

धमतरी जिला प्रशासन की वेबसाइट और धमतरी टूरिज्म को करे टैग

प्रतिभागियों को अपने द्वारा तैयार की गई फोटो या रील को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए @dhamtaridistrict.official और @dhamtari.tourism को टैग अथवा कोलैब करना होगा.


धमतरी में पर्यटन को बढ़ावा देने का उद्देश्य

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि धमतरी प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों, बहते झरनों, हरी-भरी वादियों, नदियों और धार्मिक-पर्यटन स्थलों से समृद्ध जिला है. मानसून के दौरान यहां की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है. इसी प्राकृतिक वैभव को देश-दुनिया तक पहुंचाने और स्थानीय युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया पर्यटन को बढ़ावा देने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है. ऐसे में युवाओं द्वारा बनाई गई आकर्षक रील और फोटोग्राफ धमतरी की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

कलेक्टर ने जिले के युवाओं, फोटोग्राफरों, कंटेंट क्रिएटर्स, विद्यार्थियों और आम लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल पुरस्कार जीतने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने जिले की प्राकृतिक धरोहर, संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने का अभियान भी है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियां धमतरी को छत्तीसगढ़ के प्रमुख मानसून पर्यटन स्थलों में नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगी.

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने