विसर्जन झांकी में नियमों का पालन करना जरुरी गणेश विसर्जन को लेकर शांति समिति की बैठक


कुरूद। गणेश उत्सव के झांकी एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कुरूद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका तथा गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तहसीलदार सूरज बंछोर, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, एल्डरमैन भानु चंद्राकर, थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर सहित नगर गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी एवं गणेश समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने गणेश उत्सव एवं विसर्जन के दौरान सभी समितियों से आपराधिक गतिविधियों से दूर रहते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झांकी एवं विसर्जन के दौरान पुलिस द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था और नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार के विवाद अथवा अप्रिय स्थिति से बचने तथा सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का सेवन कर झांकी या विसर्जन में शामिल होने वालों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने समितियों से अनुशासन बनाए रखने और किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि से दूर रहने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यकता अनुसार बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जाएगा। वहीं एल्डरमैन भानु चंद्राकर ने बताया कि गणेश समितियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा नया तालाब स्थित विसर्जन कुंड में क्रेन की व्यवस्था की गई है, ताकि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन में समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने गणेश समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने, निर्धारित मार्ग एवं यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा उत्सव को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने