नवभारत रिपोर्टर । कुरुद । गांव में दहशत और दबदबे की कोशिशों के खिलाफ कुरूद पुलिस ने अब सख्त संदेश दिया है। ग्राम डंडेसरा में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके पास से डंडा, लोहे की रॉड और दंतिला चक्रनुमा हथियार जब्त किया। आरोपियों ने एक घर में घुसकर शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर मारपीट किया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने गांव के जयस्तंभचौक के पास निलेश जोशी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। वहीं पोपेश और गजेंद्र साहू ने भी अपने घरों में घुसकर मारपीट और धमकी देने की शिकायत की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर गांव की गलियों में पैदल भ्रमण किया। युवकों के गले में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था गांव में गुंडागर्दी नहीं चलेगी, गांव वालों को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई को ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करने की पहल के तौर पर देखा गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए युवकों में उमाकांत कंवर, राहुल कंवर, कृष सेन और भूलेंद्र साहू सभी निवासी डंडेसरा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनके खिलाफ थाना कुरूद में पूर्व में मारपीट, हथियार लहराने और लोगों को डराने- धमकाने से संबंधित मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डंडेसरा की गलियों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि किसी भी व्यक्ति को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य कानून- व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी है। पुलिस ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डंडेसरा में गुंडागर्दी पर कुरूद पुलिस का शिकंजा चार युवकों को लेकर गांव में निकली पदयात्रा, हथियारनुमा सामान जब्त, तख्तियों पर लिखा गुंडागर्दी नहीं चलेगी
byThimmgarload.blogspot.com
-
0