Megha Petrol Pump Fire: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में बीती रात आगजनी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीवन निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले महानदी बाढ़ में पेट्रोल पंप के सामने बनी खुली नाली में गिरकर एक मासूम बच्ची की मौत हो गई थी, उसी का बदला लेने के लिए उसने यह कदम उठाया।
Table of Contents
आधी रात को पेट्रोल नोजल में आग लगाने का किया प्रयास
नोजल में आग न लगने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को फूंका
पूछताछ में खुला राज: मासूम बच्ची की मौत का बदला लेना था मकसद
PWD की ढकी नाली में पेट्रोल पंप के सामने खुले मिले थे दो चेंबर
आरोपी के पास से कपड़े व माचिस जब्त, भेजा गया जेल
आधी रात को पेट्रोल नोजल में आग लगाने का किया प्रयास
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना 1 और 2 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे की है। आरोपी जीवन निषाद (उम्र 47 वर्ष) निवासी मेघा, हाथ में माचिस लेकर मातारानी पेट्रोल पंप पहुंचा। वह वहां पहुंचकर जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगा और सीधे पेट्रोल पंप के नोजल में आग लगाने की कोशिश करने लगा। यदि नोजल में आग लग जाती तो एक बड़ा धमाका हो सकता था, लेकिन किस्मत से नोजल में आग नहीं पकड़ी।
नोजल में आग न लगने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को फूंका
जब आरोपी पेट्रोल नोजल में आग लगाने में नाकाम रहा, तो उसका गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद उसने पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया। आरोपी ने माचिस निकालकर दोनों दोपहिया वाहनों में आग लगा दी। देखते ही देखते दोनों गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सुबह घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचित किया गया।
पूछताछ में खुला राज: मासूम बच्ची की मौत का बदला लेना था मकसद
मगरलोड पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई और संदेह के आधार पर जीवन निषाद को हिरासत में लिया। जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को गांव में आई बाढ़ के दौरान पेट्रोल पंप के सामने स्थित खुली नाली में गिरकर एक छोटी बच्ची बह गई थी, जिसकी बाद में मौत हो गई। आरोपी इस हादसे के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार मान रहा था और इसी आक्रोश में उसने आगजनी की।
PWD की ढकी नाली में पेट्रोल पंप के सामने खुले मिले थे दो चेंबर
सेन्हाभाठा राइस मिल से मेघा महानदी तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई गई सड़क के दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण कराया गया है। नियमानुसार पूरी नाली को सीमेंट के चेंबर से ढका गया है। ऐसे में मातारानी पेट्रोल पंप के ठीक सामने नाली के 2 चेंबर खुले होने पर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पेट्रोल पंप प्रबंधन ने अपनी सुविधा के लिए चेंबर हटाए थे और बाद में उन्हें वापस नहीं ढका गया था। उस खुले चेंबर में कई गाड़ियों के भी चक्के धंसने की घटना पहले भी हो चुकी है जिसके बाद भी उसे नहीं ढका गया था । महानदी के बाढ़ आने पर उफनते पानी में खुले चेंबर न दिखने के कारण बच्ची का पैर फिसला और वह अंदर चली गई। अगर ग्रामीणों के अनुसार यह पेट्रोल पंप प्रबंधक की लापरवाही थी तो घटना के बाद FIR दर्ज कराया जाना था जो पुलिस द्वारा जाँच का विषय था इसके लिए किसी हिंसा का सहारा लेना अपराध है। फिलहाल पीड़ित परिवार द्वारा पेट्रोल पंप प्रबंधक के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
आरोपी के पास से कपड़े व माचिस जब्त, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े और वारदात में इस्तेमाल की गई माचिस जब्त कर ली है। आरोपी जीवन निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 326(एफ) और 324(4) के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Tags
megha chhatisgarh