धमतरी शहर से लगे रत्नाबांधा गांव में एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतक के पिता ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और कथित तौर पर 25 लाख रुपए की मांग को लेकर उनका बेटा परेशान था।
पिता के मुताबिक, युवक की पत्नी करीब 9 महीने से अपने मायके में रह रही थी। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रत्नाबांधा गांव का है। यहां रहने वाले मंगलू राम देवांगन के इकलौते बेटे जयप्रकाश देवांगन की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। मृतक के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था।
उनकी बहू बार-बार मायके चली जाती थी और कथित तौर पर पति से तलाक की मांग करती थी। पिता का आरोप है कि दोबारा साथ रहने के लिए करीब 25 लाख रुपए की मांग की जाती थी।
पत्नी को लेने जाता था तो पैसों की मांग का आरोप
मंगलू राम देवांगन के मुताबिक, उनकी बहू पिछले करीब 9 महीनों से मायके में रह रही थी। इस दौरान जब जयप्रकाश उसे लेने जाता था, तो कथित तौर पर उससे पैसों की मांग की जाती थी। साथ ही धमतरी क्षेत्र में नहीं रहने की बात भी कही जाती थी।
पिता का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते जयप्रकाश काफी परेशान रहने लगा था। इसी बीच उसने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
परिवार और समाज ने जांच की मांग की
बेटे की मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। देवांगन समाज के पदाधिकारी ने भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- बयानों और जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों के बयान लिए जाएंगे। जांच के दौरान यदि प्रताड़ना या किसी अन्य आपराधिक भूमिका के संबंध में तथ्य सामने आते हैं, तो उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।