गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर खून बिखर गया और घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा के समीपस्थ ग्राम सोंठ में एक्टिवा स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार नाबालिग अमन सिन्हा, निवासी ग्राम आलेखुटा, को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दुर्घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर खून फैल गया था। हादसे का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए। वहीं हादसे में वाहनों के भी परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए प्रयास शुरू किए। सूचना पर 112 की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिनकी सहायता से तीनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्राम आलेखुटा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

