समाधान शिविर में बेलोरा के साहू समाज ने की 11 केवी विद्युत लाइन हटाने की मांग, सामाजिक भवन निर्माण में आ रही बाधा

छत्तीसगढ़ टुडे/The Magarlod News 
धमतरी/मगरलोड।
धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलोरा के साहू समाज के लोगों ने समाधान शिविर में पहुंचकर अपने सामाजिक भवन निर्माण कार्य में आ रही बड़ी बाधा को दूर करने की गुहार लगाई है।

साहू समाज बेलोरा के प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राम में कोई भी  सामुदायिक भवन नहीं है, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भारी असुविधा होती है। इसी को देखते हुए गांव के करीब 90 परिवारों ने आपसी सहयोग से चंदा इकट्ठा कर एक साहू समाज भवन का निर्माण कार्य शुरू किया है। भवन का दीवार निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन छत ढलाई का कार्य रुक गया है क्योंकि भवन के ठीक ऊपर से 11 केवी उच्च दाब विद्युत लाइन गुजर रही है।

समाज के लोगों का कहना है कि उन्होंने बिजली विभाग में विद्युत पोल एवं तार को हटाने के लिए आवेदन दिया था, जिस पर ₹39,000 की डिमांड बताई गई। समाज के लोग यह राशि देने को तैयार हैं, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं और उन्हें इधर-उधर भटका रहे हैं।

समाधान शिविर में पहुंचे साहू समाज के लोगों ने बताया कि वे पहले भी इस विषय को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा,

> "हमने सेंडरिंग करवा दी थी, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रोक दिया। हमें परेशान किया जा रहा है। अब हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द डिमांड राशि लेकर पोल और तार को हटा दिया जाए, ताकि हमारा सामुदायिक भवन पूर्ण हो सके।"



समाज के प्रतिनिधियों ने समाधान शिविर में अपर कलेक्टर से मिलकर अपना पक्ष रखा और जल्द कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों की इस मांग को लेकर अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। सवाल यह है कि सामाजिक एकता और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रहे बेलोरा के साहू समाज के इस प्रयास को सरकारी व्यवस्था कब तक समर्थन देगी?

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने