नवापारा से बड़ी दुखद खबर: महानदी में डूबने से 6 साल के मासूम की मौत, 5 घंटे बाद मिला शव


(The Magarlod News) छत्तीसगढ़ टुडे न्यूज | रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नवापारा के किसानपारा वार्ड क्रमांक 10 निवासी टीकम साहू का 6 वर्षीय पुत्र प्रेयस साहू महानदी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर के समय नेहरू घाट के पास हुई, जहां प्रेयस नहाने गया था। हादसे के लगभग 5 घंटे बाद बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की मानें तो घटना स्थल पर पानी की गहराई करीब 8 से 10 फीट थी और बच्चे को तैरना नहीं आता था। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां रेत निकालने के कारण नदी की गहराई असामान्य रूप से अधिक हो गई है। बताया जा रहा है कि राजिम कुंभ मेले के दौरान अस्थायी सड़क निर्माण के लिए इस क्षेत्र से जेसीबी के माध्यम से रेत निकाली गई थी, जिससे आसपास की सतह काफी नीचे चली गई है।

यह कोई पहली घटना नहीं है — महज दो सप्ताह पहले राजिम क्षेत्र में भी एक अधेड़ व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई थी। ऐसे हादसे इस बात का संकेत हैं कि नदी के किनारे सुरक्षा इंतज़ामों में भारी कमी है।

प्रेयस की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि बच्चा नदी की ओर गया है। न तो उसे तैरना आता था, और न ही घर से बाहर जाने की सूचना थी।

घटना की जानकारी मिलते ही नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शहर में मातम का माहौल, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने