छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले जवानों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया है। जवानों ने मौके से महिला नक्सली का शव और राइफल समेत कई हथियार बरामद किया है। मामला छोटेबेटिया थाना क्षेत्र के आमाटोला इलाके का है।
मिली जानकारी के मुताबिक जवानों को सूचना मिली थी कि आमाटोला और कलपर इलाके में 15-20 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद DRG और BSF की संयुक्त टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई।
जवानों को नुकसान पहुंचाने की तैयारी में थे नक्सली
पुलिस अधीक्षक आइके एलिसेला ने बताया कि इस इलाके में नक्सलियों का एक छोटा दल सक्रिय है, जो सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने, निर्माण कार्यों को रुकवाने और तेंदू पत्ता खरीदी को प्रभावित करने के उद्देश्य से पहुंचे थे। इनकी संख्या 15 से 20 के आसपास है।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद महिला नक्सली का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान प्रथम दृष्टया कम्पनी नम्बर 07 की सदस्य के रूप में की गई है। इसके अलावा 303 राइफल, देशी बीजीएल लॉन्चर, 303 का कारतूस 7 नग, वॉकी टॉकी समेत कई सामग्रियां बरामद की गई है। मुठभेड़ के बाद जवान लौट आए हैं।
छत्तीसगढ़ कब आ रहे हैं अमित शाह ?
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 जून को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। शाह नक्सल हिंसा में शहीद हुए पुलिसकर्मी, अधिकारियों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही एंटी नक्सल ऑपरेशन की प्रोग्रेस रिपोर्ट पर एक रिव्यू मीटिंग भी लेंगे।
शाह की डेडलाइन, 2026 तक करेंगे नक्सलवाद का खात्मा
31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने की बात अमित शाह ने रायपुर में बीते साल मीटिंग में कही थी। इस टारगेट को पूरा होने में करीब 1 साल से कम का समय बच हुआ है। साय सरकार बनने के बाद 350 से ज्यादा नक्सलियों का एनकाउंटर हुआ। इसलिए नक्सलवाद के खात्मे के लिए शाह का यह दौरा अहम माना जा रहा है।
छोटे बेठिया इलाके में मारे गए थे 29 नक्सली
छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम कलपर में 2024 में हुई मुठभेड़ के दौरान 29 नक्सली मारे गए थे, जिसमें कई बड़े कैडर के नक्सली शामिल थे। पुलिस की सयुक्त टीम ने एक बार फिर इसी इलाके में ऑपरेशन लॉन्च किया है।
2 दिन पहले 3 बड़े नक्सली लीडर मारे
दो दिन पहले ही छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश की सीमा पर मारेडपल्ली में हुई मुठभेड़ में ग्रेहाउंड्स फोर्स ने नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी मेंबर गजरला रवि, अरुणा समेत 3 बड़े कैडर्स को मार गिराया। गजरला 40 लाख का इनामी था।
वहीं एनकाउंटर में मारी गई अरुणा स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर SZCM थी और नक्सली लीडर चलपति की पत्नी है। इस पर 20 लाख का इनाम था। आंध्र के अल्लुरी सीताराम जिले के एसपी अमित बरदार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।