धमतरी | 7 जून 2025:
धमतरी शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते 24 घंटों में दो वारदातों ने शहर में सनसनी फैला दी है। ताजा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दानी टोला वार्ड का है, जहां शुक्रवार रात 12 बजे के करीब 25 वर्षीय युवक विकास ध्रुव पर तीन नाबालिगों ने चाकू से हमला कर दिया।
घटना के वक्त विकास अपने घर पर सो रहा था। इसी दौरान बाहर कुछ नाबालिग शोर मचा रहे थे। विकास ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिस पर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीन नाबालिगों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की आंतें बाहर निकल आईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
रायपुर किया गया रेफर, हालत गंभीर
घायल विकास को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि विकास पेशे से हम्माल है और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है।
एक दिन पहले भी हुई थी चाकूबाजी, एक की मौत
यह घटना और अधिक चिंताजनक इसलिए है क्योंकि ठीक एक दिन पहले महिमासागर वार्ड में चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। दोनों घटनाओं के स्थानों की दूरी महज 500 मीटर बताई जा रही है। इससे शहर में दहशत का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों का गुस्सा, पुलिस पर उठे सवाल
लगातार हो रही वारदातों के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि पहले मामले में कठोर कार्रवाई होती, तो दूसरी घटना शायद टाली जा सकती थी।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों घटनाओं की जांच गंभीरता से की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।