रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां साईं ड्रीम्स सोसायटी, अमलीडीह में रहने वाली 27 वर्षीय युवती जसविंदर कौर ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। ऊंचाई से गिरने के चलते युवती का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मूल रूप से भिलाई के डबरापारा की निवासी जसविंदर रायपुर में एक सहेली के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी। वह मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम करती थी।
छत से कूदने के बाद जोरदार आवाज, पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे जसविंदर छत पर टहल रही थी। अचानक वह छत से नीचे कूद गई। नीचे गिरते ही जोरदार आवाज हुई, जिससे सोसायटी के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवती खून से लथपथ पड़ी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
न्यू राजेंद्र नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेमी से विवाद बना मौत की वजह?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जसविंदर का अपने प्रेमी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि जसविंदर ने इसी तनाव के चलते आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, साथ ही उसके करीबी दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना से इलाके में सन्नाटा और शोक का माहौल है।