धमतरी, 2 जून 2025 — अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन की ओर से 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 3 जून से 12 जून 2025 तक स्थानीय नत्थूजी जगताप नगर निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित होगा।
प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा गणित, सामान्य अध्ययन एवं रिजनिंग जैसे प्रमुख विषयों की तैयारी कराई जाएगी। साथ ही, परीक्षा पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी, उत्तर लेखन कौशल एवं समय प्रबंधन जैसे जरूरी पहलुओं पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कलेक्टर श्री अभिनाश मिश्रा ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला कार्यालय या संबंधित विद्यालय में संपर्क कर सकते हैं।