धमतरी, 2 जून। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पहली घटना नगरी रोड की है, जहां एक व्यक्ति की सड़क किनारे लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं दूसरी ओर कुरूद क्षेत्र में बिच्छू के डंक से एक महिला की मौत हो गई।
नगरी रोड पर मिला कार चालक का शव
सोमवार सुबह धमतरी के नगरी रोड स्थित राजा ढाबा के पास एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक ने केवल पैंट पहन रखा था और शर्ट नहीं पहनी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रायघरा (ओडिशा) निवासी निर्मल बिस्वास (55 वर्ष) था, जो रविवार को रायपुर सवारी छोड़ने गया था। लौटते समय उसने ढाबा के पास रुककर कुछ देर टहलने की बात कही थी क्योंकि उसे बेचैनी महसूस हो रही थी। उल्टी भी हुई थी। इसके बाद उसने किसी से चटाई मांगकर सड़क किनारे सोने की बात कही, लेकिन सुबह वह उठ नहीं पाया।
सूचना मिलने पर अर्जुनी पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पास में ही उसकी कार (CG 27 P 6195) खड़ी मिली। परिजनों के आने के बाद शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
---
बिच्छू के डंक से महिला की मौत
दूसरी घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बानगर की है। रविवार दोपहर खेत में काम कर रही रेखा साहू (32 वर्ष), पति भूषण साहू को बिच्छू ने डस लिया। परिवार ने तुरंत ट्रैक्टर से उन्हें घर लाया, फिर निजी वाहन से कुरूद अस्पताल और वहां से धमतरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह 10:30 बजे रेखा की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि बेहोश होने से पहले महिला ने बिच्छू काटने की बात कही थी। फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
Tags
कुरूद
छत्तीसगढ़ टुडे न्यूज
धमतरी घटना
धमतरी ताज़ा खबर
धमतरी न्यूज
magarlod news
the magarlod news