Praveen kumar
गरियाबंद शुक्रवार को गरियाबंद के आक्शन हॉल में पंडित श्यामाचरण शुक्ल फाउंडेशन द्वारा आयोजित विद्यार्थी सम्मान समारोह में जिले के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स 22 विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, उनके सुपुत्र भवानी शंकर शुक्ल और फाउंडेशन के सदस्यों ने पुरस्कार और प्रमाण पत्र का वितरण किया।
इस अवसर पर जिले के टॉपर नोमिका साहू को प्रमाण पत्र के साथ साइकिल ओर चांदी का सिक्का भी दिया गया। इसके पहले समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने कहा मेरे पिता और पूर्व सांसद पं. श्यामा चरण शुक्ल का सपना था कि उनके संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की कोई कमी न रहे। हम उनके पदचिह्नों पर चलते हुए फाउंडेशन के माध्यम से यह कार्य जारी रखे है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में उन्होंने और उनके पिता ने क्षेत्र में कई स्कूल, अस्पताल और सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दिलाई। अब फाउंडेशन समाज सेवा के माध्यम से उसी उद्देश्य को आगे बढ़ा रहा है।
आज मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने मंच से यह भी अपील की कि आमजन अपनी आवश्यकताओं और सुझावों से फाउंडेशन को अवगत कराएं। जरूरतमंद लोग संस्था से सीधे संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं से नोमिका साहू, भूमिका नागेश, गीतांजली बंजारे, प्रणय बांबोड़े, लक्ष्मी नागेश, ऐश्वर्या साहू, जयेश साहू, ओमिका साहू, माया साहू, नम्रता निषाद, आरती साहू का सम्मान किया गया। वहीं कक्षा 12वीं से प्रिया बघेल, भानुप्रताप साहू, अंजू साहू, निशा रानी टंडन, रूपाली नागेश, भोजलता, लक्ष्मी बांधे, गीतिका सचदेव, निशा और तेजस्वरी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। गरियाबंद। छात्रा को सम्मानित करते अतिथि व अन्य।
Tags
गरियाबंद