बलरामपुर, 30 जुलाई 2025।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक वैन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में वैन में सवार करीब 20 से 25 बच्चे थे, जो मॉर्निंग स्टार स्कूल, वाड्रफनगर के छात्र बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन तेज रफ्तार और ओवरलोड थी। हादसे के वक्त चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वैन सड़क से फिसलकर नाले में पलट गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
कई बच्चे घायल, गंभीर हालत में भर्ती
हादसे में कई बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। कुछ को सिर में गहरी चोट लगी है तो कुछ के हाथ-पैर टूट गए हैं। घायल बच्चों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है। गंभीर रूप से घायल कुछ छात्रों को अंबिकापुर रेफर किया गया है।
स्कूल प्रबंधन और चालक पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों और परिजनों ने स्कूल प्रशासन और वाहन चालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ओवरलोडिंग और वाहन की खराब स्थिति के बावजूद बच्चों को इसी वैन से भेजा जा रहा था। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
प्रशासन ने जांच शुरू की, परिजन कर रहे कार्रवाई की मांग
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए गए। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) भी वैन की फिटनेस और स्कूल परिवहन नियमों की जांच कर रहे हैं। अभिभावकों में भारी आक्रोश है और वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।