धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी 23 सितम्बर को मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेली बड़ी पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कुरूद विधानसभा क्षेत्र की जनता को 245 करोड़ रुपये की लागत से 77 विकास कार्यों की सौगात देंगे।
तैयारियों का लिया गया जायजा
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कुरूद विधानसभा के विधायक अजय चंद्राकर ने ग्राम भेंडरी और करेलीबड़ी का दौरा किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संपूर्ण व्यवस्था और विभागवार तैयारियों की जानकारी दी।
अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियां
कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रोमा श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
एसडीएम नभ कुमार कोशले को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
विधायक ने दिए निर्देश
विधायक अजय चंद्राकर ने हेलीपैड निर्माण, मंच एवं पंडाल सज्जा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, सुरक्षा प्रबंधन तथा आम नागरिकों की सुविधाओं की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग मंच तैयार किया जाए।
- बारिश की संभावना को देखते हुए वॉटरप्रूफ टेंट लगाए जाएं।
- आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
योजनाओं की प्रदर्शनी भी होगी
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगाएगा। इससे लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे मिल सकेगी।
अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे
इस मौके पर अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम नभ कुमार कोशले, लोक निर्माण, पीएचई, स्वास्थ्य, खाद्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।