जादू-टोना के शक में बेटे ने की मां की हत्या, खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा आरोपी

बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते बेटे ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

बच्चों की बीमारी से था परेशान

मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा के ग्राम सरवानी निवासी विष्णु कैवर्त (38) ईंटा भट्ठा में मजदूरी करता है। वह अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रहता था। विष्णु के दो बच्चे लंबे समय से बीमार चल रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। कुछ दिनों पहले उसने बच्चों की बीमारी को लेकर एक वैद्य और पंडित से सलाह ली। वहां से उसे यह विश्वास दिलाया गया कि उसके परिवार पर जादू-टोना किया गया है और यह काम घर के ही किसी नजदीकी व्यक्ति का हो सकता है।
मां पर जताया शक, कुल्हाड़ी से कर दी हत्या

घर लौटने के बाद विष्णु ने अपनी मां मंटोरा बाई कैवर्त (55) पर शक करना शुरू कर दिया। शुक्रवार को इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ और गुस्से में आकर विष्णु ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी से मां के सिर पर हमला कर दिया। वारदात इतनी भयानक थी कि मंटोरा बाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा बेटा

मां की हत्या के बाद आरोपी विष्णु खुद ही कुल्हाड़ी लेकर सीधे चकरभाठा थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शराब की लत से अलग हो गई थी मां

ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका मंटोरा बाई को शराब पीने की आदत थी। इसी वजह से छोटे बेटे ने उन्हें अपने से अलग कर दिया था और वे अकेले ही रहती थीं। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला अंधविश्वास और जादू-टोना के शक से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने