सुबह से ही हल्की फुहारों ने मौसम को सुहावना बना दिया है, वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज बिलासपुर और सरगुजा संभाग में झमाझम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर मध्यम से भारी वर्षा के आसार भी हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मोंथा अब उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह फिलहाल जगदलपुर से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। अगले कुछ घंटों में यह आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेगा और धीरे-धीरे कमज़ोर होकर अवदाब में तब्दील हो जाएगा।
वैज्ञानिकों ने बताया कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज़ बिजली कड़कने और भारी वर्षा के साथ 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।

