सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौट रही छात्रा ट्रेन से गिरी, दोनों पैर कटे
अलीगढ़। सिपाही भर्ती परीक्षा से लौट रही हाथरस की छात्रा का ट्रेन से गिरकर दोनों पैर कट गया। बेटी को बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूदे पिता को भी चोट आई है। छात्रा दादरी से आरपीएफ सिपाही पद की परीक्षा देकर अपने पिता के साथ लौट रही थी। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
हाथरस के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी किसान रमेश चंद्र की 21 वर्षीय बेटी फूलमाला आरपीएफ की सिपाही परीक्षा में उत्तीर्ण हुई थी। उसके बाद शारीरिक दक्षता की परीक्षा देने के लिए पिता के साथ बुधवार को दादरी गई थी। वापसी में दादरी स्टेशन से हाथरस तक सामान्य पैसेंजर टिकट लेकर दोनों गलती से स्पेशल ट्रेन में चढ़ गए। उस ट्रेन का हाथरस में ठहराव नहीं था।
इससे पिता रमेश चंद्र परेशान हो गए। इसी बीच कुलवा रेलवे स्टेशन निकलते ही फूलमाला को उल्टी होने लगी। वह ट्रेन के शौचालय के पास बने वॉश बेसिन पर मुंह धोने पहुंची तभी किसी तरह वह फिसल गई और गाड़ी से नीचे गिर गई। इसमें फूलमाला के दोनों पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गए। यात्रियों ने शोर मचाया और ट्रेन हल्की धीमी हुई तो पिता रमेशचंद्र चलती ट्रेन से ही कूद गए। इसमें उनके भी चोट आई है। रमेश पेशे से किसान हैं।
बेटी के गिरते ही पिता ने भी ट्रेन से लगा दी छलांग
अगर तस्वीर देख लेंगे तो कलेजा मुंह को आ जाएगा। ट्रेन से गिरकर 21 साल की फूलमाला के दोनों पैर कट गए। लाइनों के किनारे ही पैर अलग-अलग पड़े थे, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। वह रेलवे लाइन के किनारे बैठकर मदद का इंतजार करती रही। बेटी के गिरते ही पिता ने भी चलती ट्रेन से छलांग लगा दी थी लिहाजा कुछ देर बाद वह भी पहुंच गए। पिता भी लहूलुहान थे। फूलमाला अपना दर्द भूलकर बार-बार पिता का हाल पूछ रही थी। इतना ही नहीं जब दोनों को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तो वहां भी अपने दोनों पैर खो चुकी लहूलुहान हुई बेटी डॉक्टरों से बार-बार कह रही थी कि पहले उसके पिता का इलाज कर दीजिए। उनको बहुत चोट लगी है।




