बुलडोजर, लाठियां और आग...: 5 जेसीबी से 54 झोपड़ियां जमींदोज, लाठीचार्ज के आरोप

ROJGAAR WALA

Ticker

3/recent/ticker-posts

बुलडोजर, लाठियां और आग...: 5 जेसीबी से 54 झोपड़ियां जमींदोज, लाठीचार्ज के आरोप

नगरी ब्लॉक के दक्षिण सिंगपुर क्षेत्र के पालगांव के जंगल में बुधवार को वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सुबह 8.30 बजे शुरू हुई और दोपहर 1.30 बजे तक चली। इस दौरान करीब 54 झोपड़ियों को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। 

महिलाओं और पुरुषों ने जेसीबी के सामने खड़े होकर खूब विरोध जताया, और इस दौरान वन विभाग पर आदिवासियों के साथ बर्बरता का आरोप लगाया। कार्रवाई के बीच जंगल में झड़प का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वनकर्मियों द्वारा लाठीचार्ज के आरोप हैं। कुछ झोपड़ियों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन वन विभाग और प्रभावित लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। भीड़ ने कुछ सुरक्षा कर्मियों की वर्दी भी फाड़ी है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वन प्रबंधन समिति और ग्रामीणों के बीच टकराव हुआ।

झड़प में 5 लोग घायल हुए, जिनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। प्रदर्शनकारियों पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश का भी आरोप है।

थाने में शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग

सुकलाल मरकाम, विमल सलाम, शिवनाथ कुंजाम, शिव प्रसाद मंडावी, रामदेव मंडावी, राधिका सोरी, हिरसिंग नेताम, मुंगोबाई सोरी और शांति सोरी का आरोप है कि वन विभाग ने कब्जा हटाने की कार्रवाई के नाम पर आदिवासियों के साथ अत्याचार किया है। झोपड़ियों में आग लगाई गई, जिससे सामान जलकर खाक हो गया।

दावा: 3 बार नोटिस दिया गया

वन विभाग की ओर से प्रेस नोट जारी की गई। कहा गया है कि धमतरी वन विभाग ने पहले 25 जून 2024 और फिर 29 जुलाई 2024 को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद जब कब्जा नहीं हटाया गया तो, 7 अप्रैल 2026 को अंतिम नोटिस देकर 7 दिन के अंदर जंगल से कब्जा खाली करने की चेतावनी दी गई थी। 15 अप्रैल को विभाग ने कार्रवाई करते हुए 54 झोपड़ियां जेसीबी से हटाईं।

दुर्व्यवहार नहीं हुआः जाधव

डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने कहा कि जंगल की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया 
दुर्व्यवहार नहीं हुआः जाधव

डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने कहा कि जंगल की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र की सुरक्षा के तहत नियमों के अनुसार की गई है। कार्रवाई के दौरान किसी के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ और न ही विभाग ने किसी झोपड़ी में आग लगाई। 3 बार नोटिस देकर कब्जा जेसीबी से हटाया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ