जिले में 24 व 25 अप्रैल को को युवा फेस्ट का आयोजन होगा। पीजी कॉलेज परिसर में 25 अप्रैल को सुबह 11 बजे से साहित्यिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर के 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी विभिन्न समसामयिक व सांस्कृतिक विषयों पर अपनी मौलिक व अप्रकाशित कविता, लेख अथवा कहानी अधिकतम 500 शब्दों में प्रस्तुत करेंगे।
प्रतियोगिता के लिए निर्धारित विषयों में धमतरी की सांस्कृतिक विरासत, महानदी, मां, जल संरक्षण जल है तो कल है, नारी शक्ति, युवा-देश का भविष्य, धमतरी में विकास तथा छत्तीसगढ़ी लोककला शामिल हैं। पंजीयन निशुल्क है। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए ठहरने व भोजन की निशुल्क व्यवस्था भी है। विजेता को 5100 रुपए, उप विजेता को 3100 रुपए और तृतीय स्थान बनाने वाले को 2100 रुपए, प्रतीक चिह्न व प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। युवा उत्सव के तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा बीसीएस पीजी कॉलेज पहुंचे।
कलेक्टर ने कहा कि यह कार्यक्रम महाविद्यालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं का है। कार्यक्रम से संबंधित तैयारी एवं व्यवस्थाएं इनके माध्यम से हो, तो इन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, नई चीजें सीखने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। कलेक्टर ने वर्कशॉप, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और मुख्य वक्ताओं के सत्रों से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और पर्याप्त मात्रा में पानी, भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
युवाओं के लिए बनेगा शिक्षार्थी लाइसेंस: बीसीएस पीजी कॉलेज धमतरी में 24 व 25 अप्रैल को दो दिवसीय यूथ फेस्ट का आयोजन होगा। इसमें युवाओं का मौके पर ही शिक्षार्थी (लर्नर) ड्राइविंग लाइसेंस बनाया जाएगा। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि इच्छुक युवक-युवतियां निर्धारित शुल्क जमा कर कार्यक्रम स्थल पर ही अपना शिक्षार्थी लाइसेंस बनवा सकते हैं। इससे युवाओं को परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और प्रक्रिया आसान व त्वरित होगी। निरीक्षण के दौरान आवास व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि सभी स्थानों पर स्वच्छता बनी रहनी चाहिए और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था पर भी कलेक्टर ने गंभीरता से ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए और यातायात व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
0 टिप्पणियाँ
यहां टिप्पणी दर्ज करें