छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने सोमवार शाम 3 घंटे के लिए थंडरस्टॉर्म का अलर्ट जारी किया है। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और कोरिया में गरज-चमक के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। यहां 40-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं बिलासपुर और मुंगेली जिले में सोमवार को दिनभर तेज धूप और भीषण गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को लू के थपेड़ों और उमस भरी गर्मी से राहत मिली। लेकिन आंधी-तूफान के कारण लोरमी नगर सहित 100 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
बिलासपुर में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को बारिश हुई।
इन जिलों में हल्की आंधी-बारिश की चेतावनी
महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
तापमान में गिरावट के आसार
तेज आंधी और बारिश से कई इलाकों में गर्मी से राहत मिल सकती है। बीते दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस बदलाव से तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।
रायपुर में 45°C तक पहुंच सकता है पारा
राजधानी में आज हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर महसूस होगा।
गर्मी से बचाव जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज गर्मी और लू से बचने के लिए दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें।
क्यों बढ़ रही गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक विदर्भ से लेकर दक्षिण भारत तक ट्रफ लाइन और बंगाल-ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा के चक्रवाती प्रभाव के चलते गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है। इसी वजह से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
क्या है हीट वेव ?
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच जाता है, तब लू की स्थिति बन सकती है। सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा तापमान होने पर हीट वेव मानी जाती है। सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक बढ़ने पर सीवियर हीट वेव घोषित होती है।
अगर वास्तविक अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच जाए तो भी हीट वेव मानी जाती है। 47 डिग्री या उससे अधिक होने पर सीवियर हीट वेव की स्थिति बनती है।
वार्म नाइट का भी खतरा
मौसम विभाग ने गर्म रातों (Warm Night) को लेकर भी चेतावनी दी है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा होने पर वार्म नाइट और इससे अधिक होने पर वेरी वार्म नाइट माना जाता है। ऐसी स्थिति में रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलती।
0 टिप्पणियाँ
यहां टिप्पणी दर्ज करें