रायपुर में बढ़ रही तपिश; पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा: 5 दिन में 5 डिग्री चढ़ा पारा, राजधानी में माना सबसे गर्म... 45 डिग्री

ROJGAAR WALA

Ticker

3/recent/ticker-posts

रायपुर में बढ़ रही तपिश; पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा: 5 दिन में 5 डिग्री चढ़ा पारा, राजधानी में माना सबसे गर्म... 45 डिग्री

मई में सर्वाधिक तापमान 41.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था

राजधानी रायपुर इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले पांच दिनों से रायपुर में अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके चलते गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले साल मई माह में रिकॉर्ड अधिकतम तापमान से अधिक है। पिछले वर्ष मई माह का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 13 मई को 41.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं माना एयरपोर्ट में 45 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुष्क मौसम, साफ आसमान और कम नमी के कारण अगले चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। रायपुर में पिछले पांच दिनों के तापमान का ट्रेंड तेजी से बढ़ती गर्मी को दिखा रहा है। 17 मई को बारिश और आंधी के कारण अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।

इसके बाद लगातार साफ मौसम के चलते तापमान में तेजी से उछाल आया। 18 मई को 41.3 डिग्री, 19 मई को 41.9 डिग्री, 20 मई को 43.5 डिग्री और 21 मई को 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यानी चार दिनों में राजधानी का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। 
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को भी आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर बढ़ने और उमस कम रहने से हीट स्ट्रेस महसूस होने की आशंका है।

अभी ये सिस्टम सक्रिय, लेकिन मौसम शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश से झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और आंतरिक ओडिशा होते हुए दक्षिणी तटीय ओडिशा तक द्रोणिका फैली हुई है। हालांकि इन सिस्टमों से प्रदेश में पर्याप्त नमी नहीं पहुंच रही, जिसके कारण मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। यही कारण है कि मौसम विभाग ने रायपुर में अगले 48 घंटों तक हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ