छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। ये तस्वीर दुर्ग की है।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की आशंका जताई है। कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है।
शनिवार को भी कोंडागांव में दोपहर को तेज बारिश हुई। बिलासपुर और दुर्ग में तेज आंधी चली है। पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि बाकी हिस्सों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ।
राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में अगले 24 घंटे तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
2 ट्रफ सिस्टम से बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल 2 ट्रफ लाइन सक्रिय हैं।
पहला पूर्व-पश्चिम ट्रफ उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश से मणिपुर तक छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और दक्षिण असम होते हुए गुजर रहा है।
दूसरा उत्तर-दक्षिण ट्रफ पश्चिम राजस्थान से लेकर तमिलनाडु के अंदरूनी हिस्सों तक फैला हुआ है।
इन्हीं सिस्टमों की वजह से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम ?
पूरे प्रदेश में अगले 3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट संभव ।
सभी संभागों में हल्की बारिश और Thunderstorm की संभावना
कई जिलों में तेज हवा-बिजली गिरने का अलर्ट।
कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
रायपुर में आंशिक बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 3 मई को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की आशंका जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि तेज आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान में न रहें। पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें। किसानों को फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित स्थान पर रखने कहा गया है।
धमतरी में मोहल्ले वालों ने लगवाया फव्वारा
धमतरी के रिसाई पारा में स्थानीय लोगों ने भीषण गर्मी से बचने के लिए ये फव्वारा लगाया है। यहां मेन रोड पर ऊपर से ठंडी फुहारें (मिस्ट सावर) छोड़ी जा रही हैं, जिससे गुजरने वाले राहगीरों को तपती धूप में ठंडक मिल रही है।
स्थानीय निवासी पवन लिखी और राजू भाई के प्रयास से यह पाइपलाइन लगाया गया है। अब शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर भी निगम से ऐसी व्यवस्था करने की मांग उठ रही है।
Tags
chhatisgarh