कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर किसानों को उचित दर पर खाद दिलाने के लिए निजी और सहकारी उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार औचक निरीक्षण हो रहा है। कृषि विभाग के उर्वरक निरीक्षकों ने अब तक जिले के 90 से अधिक उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच की है। निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर 29 कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। गंभीर लापरवाही पर 6 विक्रय केंद्रों पर तत्काल प्रभाव से विक्रय प्रतिबंध लगाया गया।
उपसंचालक श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि जांच के दौरान खाद के भंडारण की स्थिति देखी गई। वितरण की प्रक्रिया जांची गई। रेट सूची की उपलब्धता देखी गई। पॉश मशीन के उपयोग की स्थिति परखी गई। किसानों को तय मात्रा में उर्वरक देने की व्यवस्था भी जांची गई।
सभी विक्रय केंद्रों को निर्देश दिए गए कि किसानों को संतुलित मात्रा में खाद दें। शासन की तय दर पर ही खाद बांटें। किसानों को खाद की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की समझाइश दी गई।
रासायनिक उर्वरकों के साथ नील हरित शैवाल का उपयोग करने को कहा गया। हरी खाद अपनाने की सलाह दी गई। नैनो उर्वरकों के उपयोग की बात कही गई। विभाग के मुताबिक इन वैकल्पिक उर्वरकों से भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। फसल उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
266 की यूरिया को 800 में बेचा, कृषि केंद्र सील
गुरुवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल रजक ने ग्राम दुमुहानी के मेला राम कृषि केंद्र में निरीक्षण किया। टीम ने छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण में दुकान संचालक मेलाराम बंजारे शासकीय दर 266.50 रुपए प्रति बोरी यूरिया खाद किसानों को 800 रुपए में बेचता मिला।
शिकायत सही मिलने पर एसडीएम प्रफुल रजक ने मौके पर मेला राम कृषि केंद्र को सील कर दिया। कृषि विभाग की बिलाईगढ़ टीम ने पंचनामा बनाया। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में कृष्ण कुमार साहू एसएडीओ, प्रकाश थवाईत बीटीएम शामिल रहे। जिला प्रशासन ने किसानों से कहा है कि खाद तय शासकीय दर पर ही खरीदें। कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना तुरंत दें।
17 टन से अधिक अवैध खाद जब्त की डीएपी के नाम पर बेचने की थी तैयारी
किसानों के हितों की सुरक्षा और कृषि में खाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंचायत खारीबहार में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित उर्वरक का जखीरा पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में खाद बरामद कर पूरे भंडारण को सील कर दिया गया। जानकारी के अनुसार कृषि विभाग पत्थलगांव और फरसाबहार की संयुक्त टीम ने ग्राम खारीबहार में एक मकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां भारी मात्रा में उर्वरक का अवैध भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने मौके से कुल 342 बोरी, लगभग 17.1 टन भूमि शक्ति ऑर्गेनिक ग्रेन्युलर उर्वरक बरामद किया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि उक्त उर्वरक किसानों को डीएपी खाद के नाम पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो बड़ी संख्या में किसान भ्रमित होकर इस उत्पाद को खरीद लेते, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी राकेश पैंकरा भी मौके पर पहुंचे।
Tags
chhatisgarh