पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू:SC-ST और OBC छात्रों को मिलेगा लाभ, 1 अगस्त से नए आवेदकों का होगा पंजीयन

आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग ने 2026-27 के लिए एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। कक्षा 12वीं और उससे ऊपर की पढ़ाई कर रहे पात्र विद्यार्थी विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।

विभाग के अनुसार, पुराने विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति रिन्यूअल की प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। नए छात्रों के लिए ऑनलाइन पंजीयन 1 अगस्त 2026 से शुरू होगा। छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

आधार से लिंक कर देना होगा बैंक खाते जानकारी

नए आवेदकों के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कराना जरूरी होगा। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को अपने सक्रिय और आधार से लिंक बैंक खाते की सही जानकारी देनी होगी, ताकि छात्रवृत्ति की राशि समय पर मिल सके।

छात्रवृत्ति के लिए एससी और एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के पालकों की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये तक तथा ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के पालकों की आय 1 लाख रुपए तक निर्धारित की गई है।

विभाग ने सभी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों से समय पर आवेदन जांचकर स्वीकृत करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने