ब्रेकिंग: गंगरेल बांध से छोड़ा गया 20 हजार क्यूसेक पानी , विशेष सतर्कता बरतने की अपील, अलर्ट जारी
लगातार हो रही बारिश के चलते गंगरेल बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए बांध प्रबंधन ने गुरुवार को बांध से 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना जारी की है। इसके बाद महानदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों एवं डुबान क्षेत्र के नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जारी जनसूचना के अनुसार गंगरेल बांध में भारी मात्रा में पानी की आवक हो रही है, जिसके कारण गुरुवार रात 9 बजे बांध से 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे महानदी एवं उससे जुड़े निचले क्षेत्रों में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से नदी के किनारों पर जाने, नहाने, मछली पकड़ने अथवा अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया है।
अफवाहों पर ध्यान न दें
प्रशासन ने विशेष रूप से डुबान क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए भी तैयार रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही बच्चों को नदी किनारे जाने से रोकने, पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना देने का आग्रह किया गया है।
विशेष सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने कहा है कि नागरिक अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर किसी भी संभावित दुर्घटना से बचें। लगातार हो रही बारिश और बांध से पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
Tags
dhamtari chhatisgarh