बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर अब छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। शनिवार को राजधानी रायपुर में तेज बारिश हुई। यहां शाम के वक्त अंधेरा छा गया। आधे घंटे की बारिश से मंडी गेट, बीजेपी ऑफिस और रोहिनीपुरम कॉलोनी में पानी भर गया था। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में बारिश की तस्वीरें सामने आई हैं।
सूरजपुर के खड़गवा-गुडरूडांड गांव में बना पुल टूट गया। परिजनों ने बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए उफनती नदी पार कराई। वीडियो में परिजन बच्चों को पीठ पर बैठाकर नदी पार कराते नजर आए।
वहीं, सक्ती जिले के सोंठी गांव में सड़क नहीं होने के कारण शव यात्रा कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरी। 1 किमी की दूरी तय कर शवयात्रा श्मशान पहुंची। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
रपटा में फंसी पिकअप, 20-25 लोग थे सवार
एक दिन पहले शुक्रवार को कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर तेज बहाव में 20 से 25 यात्रियों से भरी पिकअप फंस गई थी, जिन्हें ग्रामीणों ने महिलाओं और बच्चों समेत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
बिजली गिरने से किसान की मौत
इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। शुक्रवार को कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में खेत में काम कर रहे किसान धनीराम पटेल (75) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे एक दिन पहले सक्ती जिले में भी बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई थी।
अब तक 46% कम बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हुई। हालांकि मानसून के सक्रिय होने के बावजूद अब तक प्रदेश में सामान्य से 46% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज (शनिवार) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है, बिजली गिर सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।
Tags
raipur