तीन नदियां लबालबः धमतरी गरियाबंद, रायपुर के 50 गांवों में हाई अलर्ट देवभोग में पुल टूटा; नारायणपुर में BSF का कैंप डूबा

छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। नदियों और जलाशयों के उफान पर आने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 47.4 मिमी बारिश हो गई।

गुरुवार को प्रदेश में एक दिन की बारिश का औसत 11.3 मिमी है। यानी 24 घंटे में औसत से 320 प्रतिशत ज्यादा पानी बरस गया। धमतरी, गरियाबंद और राजिम क्षेत्र में सिकासार बांध से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी, पैरी और सोंदूर के त्रिवेणी संगम पर बाढ़ जैसे हालात हैं।

8वीं-9वीं शताब्दी के ऐतिहासिक कुलेश्वर महादेव मंदिर का 18 फीट ऊंचा चबूतरा जलमग्न हो गया है और मंदिर टापू में तब्दील हो चुका है। 12 साल बाद महानदी का ऐसा रौद्र रूप दिखा है।

देवभोग में उदंती नदी के तेज बहाव में ओडिशा सीमा पर निर्माणाधीन लगभग 9 करोड़ रुपये का पुल ढह गया, जिससे दोनों राज्यों के सीमावर्ती गांवों का संपर्क कट गया है। इस पुल का निर्माण ओडिशा सरकार करा रही थी। बारिश से बस्तर के कई इलाकों में भी तबाही मची हुई है।

कोंडागांव में कोपाबेड़ा जलाशय के पास बैरिकेडिंग न होने से निर्माणाधीन नाले के गहरे पानी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इसी तरह नारायणपुर जिले में लगातार बारिश से बालबड़ा स्थित बीएसएफ का कैंप जलमग्न हो गया और जवानों को छत पर शरण लेनी पड़ी। वहीं, उफनते ब्रेहबेड़ा नाले में एक बोलेरो फंस गई।

ड्राइवर ने किसी तरह पेड़ पर चढ़कर जान बचाई जबकि इसमें सावर तीन यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया। रायपुर-धमतरी और गरियाबंद जिले के 50 से ज्यादा गांवों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

सावन के पहले दिन ही कुलेश्वर महादेव का चबूतरा डूबा

राजिम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर का 18 फीट ऊंचा चबूतरा डूब चुका है।

देवभोगः छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला पुल बहा 9 करोड़ रुपए में बना रही थी ओडिशा सरकार

गरियाबंद में पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर सीमावर्ती ओडिशा में भी दिखा। उफनती उदंती नदी पर ओडिशा सरकार का करीब 9 करोड़ रुपए की लागत का निर्माणाधीन पुल तेज बहाव नहीं झेल सका। पुल भरभराकर ढह गया। यह पुल ओडिशा के सिंदूर सिल से सीतारम्मा गांव के बीच बन रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक पुल के 3 पिलर्स को जोड़कर स्लैब की ढलाई पूरी हो चुकी थी।

24 केंद्रों में भारी, जबकि 29 में अतिभारी बारिश हुई

गहन अवदाब सिस्टम के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 24 सेंटरों में भारी बारिश दर्ज की गई।

भारी बारिश यानी 64.5 मिमी से 115.5 मिमी बारिश 24 घंटे में हो गई। 115.5 से 204.4 मिमी बारिश वाले 29 सेंटर हैं। इस तरह 53 सेंटरों में भारी से अतिभारी बारिश हो गई। बीजापुर में सबसे ज्यादा 216 मिमी बारिश हो गई। यह अत्यंत भारी बारिश की श्रेणी में है।

इसके अलावा पूरे प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर 42 मिमी बारिश हुई।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने