The Magarlod News सोशल मीडिया के जरिए हनी ट्रैप और ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। स्नैपचैट (Snapchat) पर युवती बनकर बातचीत करने वाले आरोपी ने एक युवक को प्रेमजाल में फंसाकर उससे 65 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जब युवक को सच्चाई का पता चला तो उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला रायपुर जिले के पंडरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम केवटाडीह (भुतहा) निवासी घनश्याम साहू (23 वर्ष) वर्तमान में रायपुर सर्वाेदय अस्पताल के हॉस्टल में रहकर रिसेप्शनिस्ट का कार्य करता है। घनश्याम ने अपनी शिकायत में बताया कि 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट (Snapchat) पर ‘‘थनवी साहू’’ नाम की आईडी से उसकी बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने खुद को युवती बताकर निजी परेशानियों का हवाला दिया और अलग-अलग बहानों से आर्थिक मदद मांगी।
गांव पहुंचने पर खुला राज
प्रार्थी के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 से 27 अप्रैल 2026 के बीच उसने अपने यूपीआई आईडी से कई किश्तों में कुल 65 हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए गए यूपीआई खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब घनश्याम कथित युवती से मिलने के लिए गरियाबंद जिले के ग्राम बासीन पहुंचा, तब उसे पता चला कि थनवी साहू के नाम की आईडी स्नैपचैट (Snapchat) का उपयोग अमन साहू नामक व्यक्ति कर रहा था। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
1930 हेल्पलाइन में भी की शिकायत
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने थाना पंडरी पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की पहचान, बैंक खातों और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
