छत्तीसगढ़ के धमतरी में भालू के हमले से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। ये ग्रामीण मशरूम की तलाश में जंगल गए थे। घायलों को सिर और गर्दन में चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के वन परिक्षेत्र उत्तर सिंगपुर के परसाबुडा गांव के कुंआनार जंगल में हुई। सुबह अलग-अलग समय पर मशरूम निकालने गए ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया।
दो ग्रामीणों के सिर और गर्दन में आई चोट
एक ग्रामीण के गर्दन में चोट लगी है, जबकि दूसरे के सिर पर गहरी चोट आई है। दोनों घायलों को मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायल ग्रामीणों की पहचान परसाबुडा गांव के राम प्रसाद साहू और अमलीडीह गांव के राम प्रसाद हलबा के रूप में हुई है।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
आसपास के ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की अपील की है और इस संबंध में मुनादी भी कराई जा रही है।
Tags
magarlod