छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में तापमान 33°C तक पहुंचने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान माना में 33.2°C दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20°C रहा।
इस समय बारिश के पीछे एक साथ कई मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। इसके असर से प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है। मानसून ट्रफ, कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी के पास बना चक्रवाती घेरा छत्तीसगढ़ में नमी पहुंचा रहे हैं। इसके चलते अगले दो दिन कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रायपुर में बादल रहेंगे, एक-दो बार बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 15 सितंबर यानि आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान करीब 25°C रहने का अनुमान है।
46 जलाशयों में 90 फीसदी से ज्यादा पानी
मानसून को प्रदेश में पहुंचे 82 दिन हो चुके हैं। 23 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते दाखिल हुए मानसून से अब तक अच्छी बारिश हुई। 12 सितंबर तक प्रदेश में 1001 मिमी पानी बरस चुका है। यह इस अवधि के औसत 1041.1 मिमी से केवल 4% कम है।
लगातार बारिश से बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। प्रदेश के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10% पहुंच गया है। इनमें सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 अन्य में 90% से ज्यादा पानी है। धमतरी के रविशंकर सागर समेत कई जलाशयों के गेट खोलने पड़े हैं।