तेज बहाव में बहती रहीं शराब की बोतलें नारी पुल पर जान जोखिम में डालकर शराब पकड़ने की होड़ प्रशासन की मुनादी और अपील के बावजूद चेतावनी नजरअंदाज


कुरूद। गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने - के बाद महानदी समेत क्षेत्र के नदी-नालों में उफान है। निचले इलाकों में बाढ़ के हालात को देखते हुए शासन-प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क कर रहा है। राजस्व अमला और कोतवाल ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर तेज बहाव वाले स्थानों से दूर - रहने तथा नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद कुरूद ब्लॉक के नारी में बाढ़ के बीच शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। जान की परवाह किए बिना लोग तेज बहाव में बहती बोतलों को पकड़ने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते नजर आए। जानकारी के अनुसार नारी स्थित शराब दुकान में बाढ़ का पानी घुस गया। दुकान में रखी शराब की बोतलें पानी के साथ बहकर बाहर निकलने लगीं। इसकी खबर फैलते ही नारी पुल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते बहती शराब की बोतलें पकड़ने की होड़ शुरू हो गई। किसी ने मछली पकड़ने वाला फंदा इस्तेमाल किया तो किसी ने प्लास्टिक की कैरेट को ही बोतलें पकड़ने का साधन बना लिया। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए शासन-प्रशासन का राजस्व अमला और कोतवाल लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद नारी में शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोगों का इस तरह जुटना प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज करने का मामला सामने लाता है। बताया जा रहा है कि नारी स्थित शराब दुकान में एक दिन पहले ही शराब की खेप पहुंची थी। बाढ़ का पानी दुकान में घुसने के बाद बड़ी मात्रा में शराब पानी के साथ बहने की बात सामने आई है। इससे आबकारी विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ है, हालांकि नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी किया जाना बाकी है।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने