महिला बाइकर को कार से टक्कर मारकर भागे कार चालक कल्याण बैंसला को पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा, बैंसला को हत्या की कोशिश और पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कल्याण और उसके चचेरे भाई लवनीश को राजस्थान के दौसा जिले के राजगढ़ से दबोचा गया। बैंसला ने रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर कार से टक्कर मारकर महिला बाइकर सिया को गिरा दिया था। घटना के समय कार में लवनीश भी सवार था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि बैंसला (33) जिम मालिक और दो बच्चों का पिता है। सिया ने हिट-एंड-रन का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। इसके बाद गुरुग्राम की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए थे।
सिया ने नया वीडियो जारी किया; पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी : गुरुग्राम में कार की टक्कर से घायल हुई बाइक सवार महिला ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर आरोपी कल्याण बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए हैं जिसके खिलाफ अब हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। बैंसला ने दावा किया था कि यह महज एक दुर्घटना थी।