बालोद में 2 गायों की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार:पिकअप में भरकर महाराष्ट्र ले जा रहे थे, 1.60 लाख की संपत्ति जब्त


बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कमरौद में मवेशियों की तस्करी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने गौठान के पास पिकअप पकड़ा। इसमें 2 गायों को भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने टेकापार निवासी मुरली प्रसाद माण्डले (31) और रामावतार देवदास (18) को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात ग्रामीणों ने पिकअप में मवेशियों को महाराष्ट्र ले जाने की सूचना दी थी। रात्रि पेट्रोलिंग पर तैनात सहायक उप निरीक्षक राजेश ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 2 गाय मिलीं। चालक मवेशियों के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद ग्रामीण दयालु राम कंवर और अन्य गवाहों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

1.60 लाख रुपए का मशरूका जब्त

बालोद एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण (संशोधन) अधिनियम, 2011 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CA 5233, जिसकी कीमत 1.55 लाख रुपए है, और 2 गायों को जब्त किया है। गायों की कीमत 5 हजार रुपए आंकी गई है। कुल जब्त मशरूका 1.60 लाख रुपए का है।



एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने