छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर: 3 दिन भारी बारिश... 28 को दक्षिण बस्तर, 29 को बिलासपुर में रेड अलर्ट

50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से छत्तीसगढ़ में 27 से 29 अक्टूबर तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 29 अक्टूबर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली और कबीरधाम में रेड अलर्ट रहेगा। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

रायपुर में 28 को भारी बारिश की चेतावनीः राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और आंधी की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 28 अक्टूबर को रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

कब-कब, कहां, क्या चेतावनी

27 अक्टूबर : 21 जिलों में यलो अलर्ट। इनमें बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा शामिल।

28 अक्टूबर : 3 जिलों में दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में रेड अलर्ट। इसके अलावा 15 जिलों दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर में ऑरेंज अलर्ट।

यलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम ।

29 अक्टूबर : 4 जिलों गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली और कबीरधाम में रेड अलर्ट। इसके अलावा कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

यलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर।

जीके दास, कृषि मौसम विज्ञानी

किसान अभी धान की कटाई न करें, कटी फसल तिरपाल से ढंककर रखें

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को फिलहाल धान की कटाई टालने की सलाह है। जिन किसानों ने कटाई कर ली है, वे फसल खेतों से हटाकर सूखी और सुरक्षित जगह पर रखें। इसे तिरपाल से ढंकें, ताकि बारिश में भीगने से बचाया जा सके। धान में नमी बढ़ने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और भंडारण में नुकसान का खतरा रहेगा। लगातार बादल और नमी के कारण दलहन-तिलहन फसलों में कीट और रोग बढ़ सकते हैं। किसान खेतों में जलभराव रोकने के लिए पानी निकासी की व्यवस्था करें। फसल को नुकसान होने पर बीमित किसान तत्काल बीमा कंपनी या कृषि विभाग को सूचना दें। नुकसान की तस्वीरें और संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखें तथा बीमा क्लेम की निर्धारित समय-सीमा का पालन करें।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने