धमतरी।
जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के करेलीबड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम धौराभाठा में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी के पेट में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रायपुर के उर्मिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में उपचाररत हैं। मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अवधराम साहू 56 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू भी बरामद कर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थिया तामेश्वरी साहू ने चौकी करेलीबड़ी में रिपोर्ट दर्ज
कराई कि पड़ोसी अवधराम साहू आए दिन अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज करता रहता था। 21 अक्टूबर की रात करीब 7.30 बजे प्रार्थिया के पति रोशन साहू और पड़ोसी चुम्मन साहू ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया। इस
बात से नाराज होकर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सब्जी काटने के लिए अपने पास रखे धारदार स्टील के चाकू से रोशन साहू के पेट पर वार कर दिया। रिपोर्ट पर करेलीबड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 109 (1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 24 अक्टूबर को आरोपी अवधराम साहू पिता स्वर्गीय खोरबाहरा साहू निवासी ग्राम धौराभाठा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।